रेलवे की चोरी की संपत्ति खरीदने वाला कबाड़ी दुकानदार गिरफ्तार
सीवान की रेलवे सुरक्षा बल ने एक कबाड़ व्यवसायी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार मनन चौहान के पास 14.550 किलोग्राम जला हुआ कॉपर वायर बरामद किया गया है। यह वायर उसने चार-पांच दिन पूर्व किन्हीं उमेश साह और विजय राजभर से खरीदा था। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सीवान, निज प्रतिनिधि। स्थानीय रेलवे सुरक्षा बल व छपरा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रेलवे की चोरी की संपत्ति खरीदने वाले एक कबाड़ व्यवसायी को मैरवा थाना क्षेत्र के मैरवा धाम महुवाबारी नहर के किनारे से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यवसायी एमएचनगर थाना क्षेत्र के अरंडा निवासी मनन चौहान है। इसके पास से 14.550 किलोग्राम जला हुआ कॉपर वायर बरामद किया गया है। गिरफ्तार व्यवसायी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी का कारण
बताया गया कि सीवान आरपीएफ पोस्ट पर दर्ज रेलवे संपत्ति (अनधिकार कब्जा) अधिनियम, 1966 के एक मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों उमेश साह व विजय राजभर के स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही के आधार पर 29 जुलाई को मैरवा धाम के महुवाबारी नहर किनारे स्थित एक कबाड़ दुकान पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान दुकान में रखे एक स्टील के बॉक्स से प्लास्टिक के बोरे में रखा 10 लच्छा जला हुआ कॉपर वायर बरामद हुआ, इसका कुल वजन 14.550 किलोग्राम पाया गया। इस मामले में दुकानदार मनन चौहान को हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ और कार्रवाई
पूछताछ में मनन चौहान ने स्वीकार किया कि इसने करीब चार-पांच दिन पूर्व उमेश साह व विजय राजभर से यह कॉपर वायर 2 हजार 300 रुपये में खरीदा था। मौके पर मौजूद दोनों अभियुक्तों ने भी इस तथ्य की पुष्टि की। इसके बाद आरपीएफ ने मनन चौहान को गिरफ्तार कर लिया। बरामद रेल संपत्ति को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इस संबंध में स्थानीय आरपीएफ पोस्ट में मनन चौहान समेत अन्य के खिलाफ नया मामला दर्ज किया गया है。


