बरौनी जंक्शन पर हो रही सघन जांच-पड़ताल
बरौनी जंक्शन पर आरपीएफ ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष तैयारी की है। मेले से पूर्व सुरक्षा के लिए प्लेटफार्मों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है जिसमें मेटल डिटेक्टर और डॉग स्क्वायड शामिल है। यात्रियों की नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

बरौनी,निज संवाददाता। आरपीएफ ने श्रावणी मेले से पूर्व श्रद्धालुओं व यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पहले से ही तैयारी शुरू कर दी है। इसको लेकर बरौनी जंक्शन, न्यू बरौनी जंक्शन व रेलवे सर्कुलेटिंग एरिया में सुरक्षा के बेहतर से बेहतर बंदोबस्त किए जा रहे हैं। बरौनी जंक्शन पर सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल व जीआरपी द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। आरपीएफ इंस्पेक्टर लोकेश साव के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्मो पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।इसमें आरपीएफ के अधिकारी व जवान के साथ साथ डॉग स्क्वायड भी शामिल रहते हैं। इस दौरान यात्रियों के बैग व झोला सहित अन्य चीजों की मेटल डिटेक्टर से भी जांच की जा रही है ताकि कोई भी यात्री संदिग्ध वस्तु लेकर रेलवे स्टेशन पर नहीं पहुंच सके।
साथ ही, यात्रियों की संरक्षा व सुरक्षा को लेकर सीसीटीवी कैमरे से भी पैनी निगाह रखी जा रही है।


