वर्क साइट सेफ्टी सेमिनार दी महत्वपूर्ण जानकारियां
झांसी के ललितपुर रेलवे स्टेशन पर कामकाजी सुरक्षितता सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें 77 रेलकर्मियों ने भाग लिया, जिसमें संरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई। सेमिनार के दौरान हॉट एक्सल की पहचान, शंटिंग सावधानियाँ, और आग लगने की स्थितियों में त्वरित कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संज्ञान लिया गया। सभी को सुरक्षा का पालन करने का आह्वान किया गया।

झांसी। गुरुवार को उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल के ललितपुर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी के निर्देशन में वर्क साइट सेफ्टी सेमिनार का आयोजन किया गया। अध्यक्षता के.के. द्विवेदी, सेफ्टी काउंसलर (लोको) ने की। सेमिनार में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। दो संरक्षा सलाहकारों सहित विभिन्न विभागों के सुपरवाइजर एवं कर्मचारियों सहित लगभग 77 रेलकर्मियों ने सहभागिता की। सेमिनार के दौरान सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यस्थल पर अपनाई जाने वाली संरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सावधानियों एवं प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। कर्मचारियों को हॉट एक्सल की पहचान एवं रोकथाम, शंटिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियाँ, शॉर्ट कट कार्यप्रणाली से बचाव, रेलगाड़ियों में आग लगने की स्थिति में बचाव एवं त्वरित कार्रवाई, रोलिंग डाउन की रोकथाम, लोड स्टेबलिंग के दौरान अपनाई जाने वाली संरक्षा प्रक्रियाएँ, सिग्नल एवं विद्युत विभाग से संबंधित अनुरक्षण कार्यों में आवश्यक सावधानियाँ, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग पर सुरक्षित कार्य प्रणाली तथा एसपीएडी एवं एसआर वाइलेशन की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुरक्षा पहले, सुरक्षा अंत तक और हर समय सुरक्षा के सिद्धांत का पालन करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया, ताकि सुरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।


