चांडिल-झाड़ग्राम नई रेल लाइन के सर्वे को मिली मंजूरी
जमशेदपुर के चांडिल से बोड़ाम, पटमदा, कटिन, बांदवान होते हुए झाड़ग्राम तक नई रेल लाइन के अंतिम लोकेशन सर्वे को रेलवे मंत्रालय द्वारा मंजूरी मिल गई है। इस सर्वे के लिए 3.81 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। सांसद विद्युतवरण महतो ने ग्रामीणों के लिए रेल संपर्क बढ़ाने का भरोसा दिया।

जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल के तहत चांडिल से बोड़ाम, पटमदा, कटिन, बांदवान होते हुए झाड़ग्राम तक प्रस्तावित नई रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे को रेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड की ओर से 13 अगस्त 2026 को जारी पत्र के अनुसार करीब 127 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के सर्वे के लिए 3.81 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सांसद विद्युतवरण महतो के प्रयासों से मिली इस मंजूरी के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सांसद ने रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड और संबंधित अधिकारियों के समक्ष लंबे समय से इस रेल मार्ग की मांग उठाई थी।
पटमदा और बोड़ाम क्षेत्र के ग्रामीणों को भी उन्होंने रेल संपर्क का सपना पूरा कराने का भरोसा दिया था।सांसद महतो ने कहा कि यह रेल लाइन क्षेत्र में आवागमन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी। उन्होंने सर्वे के दौरान ऐसा मार्ग तय करने का आग्रह किया, जिससे आबादी और घरों का विस्थापन न्यूनतम हो। उन्होंने रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड के प्रति आभार जताया।


