ठेका श्रमिकों को नियुक्ति पत्र और समय पर वेतन देना होगा
प्रयागराज में उत्तर मध्य रेलवे ने ठेका श्रमिकों के अधिकारों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नए निर्देश जारी किए हैं। ठेका श्रमिकों को नियुक्ति पत्र, समय पर वेतन, और वेतन पर्ची उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही कार्यस्थलों पर अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। उत्तर मध्य रेलवे में काम करने वाले ठेका श्रमिकों के अधिकारों को लेकर रेलवे ने सख्ती शुरू कर दी है। सभी सेवा और निर्माण कार्यों के ठेकों में श्रम कानूनों का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रयागराज समेत उत्तर मध्य रेलवे के सभी मंडलों में ठेका श्रमिकों को नियुक्ति पत्र देने, समय से पूरा वेतन देने और वेतन पर्ची उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू करनी होगी। निर्देश के मुताबिक, सभी पात्र श्रमिकों को नियुक्ति पत्र जारी करना होगा। वेतन भुगतान से पहले वेतन पर्ची देना भी अनिवार्य किया गया है। रेलवे ने ठेका श्रमिकों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी निर्देश दिए हैं।
कार्यस्थल पर पीने का पानी, स्वच्छता, प्राथमिक उपचार और जहां नियमों के तहत जरूरी हो वहां क्रेच की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके अलावा ठेका श्रमिकों और कर्मचारियों की शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने तथा शिकायतों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

