प्रीमियम ट्रेनों में मालगाड़ी के लोको पायलट की तैनाती हटी
हिन्दुस्तान, कोडरमा
रेलवे ने प्रीमियम ट्रेनों के संचालन के लिए नए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की घोषणा की है। अब राजधानी, शताब्दी और वंदे भारत ट्रेनों में मालगाड़ी के लोको पायलट की तैनाती नहीं की जा सकेगी। नए दिशानिर्देशों के अनुसार केवल अनुभवी लोको पायलटों को ही तैनात किया जाएगा। आपात स्थितियों के लिए अलग पैनल बनाया जाएगा।

कोडरमा, हमारे प्रतिनिधि। रेलवे ने राजधानी, शताब्दी, दुरंतो और वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों के संचालन में अब मालगाड़ी के लोको पायलट (एलपी) की तैनाती नहीं की जा सकेगी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर की कार्यप्रणाली को लेकर नया मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी कर दिया है। जारी निर्देश में कहा गया है कि प्रीमियम ट्रेनों में केवल निर्धारित ग्रेड और पर्याप्त अनुभव वाले लोको पायलट की ही तैनाती की जाए। आपात स्थिति के लिए ए ग्रेड गुड्स एलपी का अलग पैनल तैयार किया जाएगा। इस पैनल में शामिल लोको पायलट की भी अनिवार्य रूप से सेफ्टी स्क्रीनिंग होगी।
बिना स्क्रीनिंग किसी गुड्स एलपी को मेल-एक्सप्रेस की लिंक में नहीं लिया जाएगा।


