रेलवे ग्रुप-डी भर्ती: 26 अक्तूबर से अभिलेख सत्यापन, अगले दिन मेडिकल
रेलवे ग्रुप-डी भर्ती 2024 के अंतर्गत उत्तर मध्य रेलवे में चयन प्रक्रिया का अगला चरण 26 अक्तूबर से शुरू होगा। अभ्यर्थियों को अभिलेख सत्यापन के लिए आरआरसी प्रयागराज में उपस्थित होना होगा। सत्यापन के बाद, उन्हें नामित अस्पतालों में मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। इस भर्ती में कुल 32,438 पद भरे जाएंगे।

रेलवे ग्रुप-डी भर्ती 2024 के तहत उत्तर मध्य रेलवे में चयन प्रक्रिया अब अगले चरण में पहुंच गई है। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), प्रयागराज की ओर से लेवल-1 भर्ती (सीईएन 08/2024) के लिए अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया 26 अक्तूबर 2026 से शुरू होगी। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) में सफल अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर प्रयागराज स्थित आरआरसी कार्यालय में पहुंचना होगा। अभिलेख सत्यापन पूरा होने के अगले कार्य दिवस पर अभ्यर्थियों को अनिवार्य मेडिकल परीक्षण के लिए प्रयागराज, कानपुर, आगरा और झांसी स्थित नामित रेलवे मंडलीय अस्पतालों में भेजा जाएगा। रेलवे ने उम्मीदवारों को मेडिकल प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए दो से चार दिन की तैयारी के साथ आने की सलाह दी है।
शॉर्ट लिस्ट अभ्यर्थी अपने अभिलेख सत्यापन की निर्धारित तिथि से पांच दिन पहले आरआरसी प्रयागराज की आधिकारिक वेबसाइट से ई-काल लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। सत्यापन के दौरान शैक्षणिक, तकनीकी योग्यता, जन्मतिथि, जाति सहित सभी आवश्यक मूल प्रमाण-पत्र निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत करने होंगे। दस्तावेजों में किसी तरह की विसंगति मिलने पर उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है। इस भर्ती के तहत देशभर में 32,438 पद भरे जाने हैं, जिनमें उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज क्षेत्र के 2,020 पद शामिल हैं। इससे पहले 3,736 अभ्यर्थियों का पीईटी 25 से 31 जुलाई तक डीएसए ग्राउंड में कराया गया था।

