राजभाषा प्रतियोगिताओं में विजेता रहे रेलकर्मी हुए पुरस्कृत
धनबाद में राजभाषा पखवाड़े के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रेलकर्मियों को पुरस्कार दिए गए। डीआरएम अखिलेश मिश्र ने सभी 36 विजेताओं को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया। प्रतियोगिताएं 14 से 30 सितंबर तक आयोजित की गई थीं, जिसमें हिंदी निबंध, क्विज और वाक् प्रतियोगिता शामिल थी।

धनबाद, मुख्य संवाददाता। राजभाषा पखवाड़े के दौरान मंडल स्तर पर हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतियोगी रेलकर्मियों को गुरुवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। रेल प्रबंधक कार्यालय सभागार में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में डीआरएम अखिलेश मिश्र ने राजभाषा संबंधी प्रतियोगिताओं के लिए प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं प्रेरणा पुरस्कार पानेवालों को पुरस्कृत किया। इस साल धनबाद रेल मंडल में 14 से 30 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया गया। इस दौरान अधिकारी राजभाषा क्विज, कर्मचारियों के लिए हिंदी निबंध, हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन, हिंदी वाक् प्रतियोगिता करायी गई। प्रतिभागियों में सफल होने वाले सभी 36 विजेता अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया।
साथ ही वर्ष 2025-26 के दौरान कार्यालय में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करनेवाले 10 अधिकारियों और 41 कर्मचारियों को भी डीआरएम ने पुरस्कृत किया। मौके पर एडीआरएम मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


