20 दिन में 48 हजार से ज्यादा यात्री पकड़े, रेलवे ने वसूला 4.51 करोड़ जुर्माना
प्रयागराज में रेलवे ने एक से 20 अगस्त तक टिकट चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें 48,481 यात्रियों पर कार्रवाई की गई। रेलवे ने 4 करोड़ 51 लाख रुपये जुर्माना वसूला, जिसमें मुख्यतः 25,647 अनियमित यात्रियों से 1 करोड़ 98 लाख रुपये और बिना टिकट यात्रा करने वाले 20,611 यात्रियों से 2 करोड़ 33 लाख रुपये की वसूली शामिल है।

प्रयागराज। ट्रेनों और स्टेशनों पर बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे के अभियान में महज 20 दिन में 48 हजार से अधिक यात्री पकड़े गए। प्रयागराज मंडल में एक से 20 अगस्त तक चले टिकट चेकिंग अभियान में कुल 48,481 यात्रियों पर कार्रवाई की गई। इनसे रेलवे ने 4 करोड़ 51 लाख 36 हजार 868 रुपये जुर्माना वसूला। कार्रवाई में सबसे ज्यादा यात्री अनियमित यात्रा करते मिले। ऐसे 25,647 यात्रियों से एक करोड़ 98 लाख 31 हजार 952 रुपये वसूले गए। वहीं बिना टिकट यात्रा करने वाले 20,611 यात्रियों से 2 करोड़ 33 लाख 20 हजार 347 रुपये जुर्माना लिया गया।
यानी अभियान में पकड़े गए यात्रियों में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की रही, जो बिना वैध टिकट या तय नियमों के अनुसार यात्रा कर रहे थे।रेलवे ने अनबुक्ड लगेज और ट्रेन व स्टेशन परिसर में धूम्रपान व गंदगी फैलाने वालों पर भी कार्रवाई की। अनबुक्ड लगेज के 21 मामलों में 14,317 रुपये और धूम्रपान व गंदगी फैलाने के 2,202 मामलों में 19 लाख 70 हजार 252 रुपये जुर्माना वसूला गया।


