लखीसराय : दुर्गा पूजा-दीपावली-छठ में घर पहुंचना होगा आसान, किऊल होकर चलेंगी कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें
लखीसराय से रिपोर्ट के अनुसार, रेलवे ने दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कई जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की घोषणा की है। ये ट्रेनें प्रमुख शहरों से बिहार तक यात्रा सुविधा प्रदान करेंगी।

लखीसराय से अजय कुमार की रिपोर्ट दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों के चलने से दिल्ली, पटना, हावड़ा और भागलपुर सहित विभिन्न शहरों से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। किऊल जंक्शन होकर कई स्पेशल ट्रेनों का परिचालन होगा, जिससे लखीसराय समेत आसपास के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। रेलवे के अनुसार 03135/03136 सियालदह-पटना-सियालदह स्पेशल ट्रेन किऊल होकर चलेगी। इसका परिचालन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर 2026 तक त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए किया जाएगा।
इसी तरह 04062/04061 दिल्ली-भागलपुर-दिल्ली दैनिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन भी किऊल होकर चलेगी। दिल्ली से ट्रेन का परिचालन 10 अक्टूबर से 25 नवंबर तक तथा भागलपुर से 12 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रतिदिन किया जाएगा। दोनों दिशाओं में कुल 47-47 फेरे निर्धारित हैं। ट्रेन के प्रमुख ठहराव अलीगढ़, गोविंदपुरी, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, अनुग्रह नारायण रोड, गया, नवादा, किऊल, जमालपुर और सुल्तानगंज हैं। इसके अलावा नई दिल्ली-हावड़ा के बीच छठ पूजा स्पेशल ट्रेन भी पटना-किऊल मार्ग से चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 04052 नई दिल्ली से 10 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रतिदिन तथा 04051 हावड़ा से 12 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। बताया गया है कि यह ट्रेन दानापुर, बाढ़ और मोकामा स्टेशनों पर नहीं रुकेगी। रेलवे की ओर से फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से त्योहार के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवा उपलब्ध होगी। यात्रियों के लिए इन ट्रेनों में टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जा रही है।


