राहुल ने यूजीटी नेट परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर केंद्र को घेरा
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने यूजीसी नेट परीक्षा में अनियमितताओं पर केंद्रीय सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि हरियाणा में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र का पीडीएफ लीक किया गया। उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों की मेहनत की कोई अहमियत नहीं है और सरकार कार्रवाई करने की बजाए बेफिक्र है।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने यूजीसी नेट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नीट के बाद अब यूजीसी नेट परीक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं, पर सरकार बेफिक्र है। क्योंकि लाखों छात्रों की वर्षों की मेहनत की उसके लिए कोई अहमियत नहीं है। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि हरियाणा में यूजीसी नेट परीक्षा से ठीक पहले प्रश्नपत्र का पीडीएफ प्रसारित कर दिया गया, जो केवल राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के पास उपलब्ध होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पीडीएफ के लगभग 90 प्रश्न समाजशास्त्र के वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यही प्रश्नपत्र बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में दो लाख 25 हजार रुपये में बेचा जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क ने सीएसआईआर नेट, हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटीईटी) और एडीए जैसी आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का भी दावा किया है। राहुल गांधी ने कहा कि नीट और नेट परीक्षाओं में बार-बार कथित घोटाले सामने आने के बावजूद सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से किसी जवाबदेही या कार्रवाई की उम्मीद करना बेकार है क्योंकि न तो जांच होगी और न ही छात्रों को न्याय मिलेगा।


