एसआईआर संबंधी याचिकाओं की सभी खामियां हुईं दूर
सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट के अनुसार, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को चुनौती देने वाली राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं की याचिका की सभी खामियां दूर कर दी गई हैं। याचिका में निर्वाचन आयोग पर कथित तौर पर गैरकानूनी ढंग से मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप लगाते हुए एसआईआर पर रोक की मांग की गई है। थोल थिरुमावलवन और सज्जाद अहमद किचलू भी याचिकाकर्ता बने हैं। याचिका अब जल्द सुनवाई के लिए सूचीबद्ध होगी।

सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर मंगलवार को उपलब्ध जानकारी के अनुसार मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत अन्य विपक्षी नेताओं की याचिकाओं की सभी खामियों को दूर कर दिया गया है। इस याचिकाओं को जल्द सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा। वेबसाइट के अनुसार याचिका में, याचिकाकर्ताओं के तौर पर और दो नाम जोड़े गए हैं। सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर कांग्रेस नेता गांधी और अन्य प्रमुख विपक्षी दल के नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को चुनौती दी है। शीर्ष अदालत में दाखिल याचिका में निर्वाचन आयोग को कानून की अनदेखी कर बड़े पैमाने पर गैर कानूनी तरीके से मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप लगाया है।
याचिका में एसआईआर पर रोक लगाने की मांग की है। याचिका दाखिल होने के कुछ ही देर बाद, सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री ने इसमें कुल 14 खामियां गिनाई थी और इसे दूर करने के लिए 90 दिन का वक्त दिया था।शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर इन खामियों की जानकारी देते हुए, याचिकाकर्ताओं से इसे दूर करने को कहा गया था। प्रमुख खामियों में बताया गया था कि याचिका दाखिल करने के शुल्क का कम भुगतान किया गया था। शीर्ष अदालत ने 220 रुपये का और शुल्क भी जमा करने को कहा था। इसके अलावा खामियों के तौर पर बताया गया था कि याचिकाकर्ता सौगत राय, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और अन्य याचिकाकर्ताओं का वकालतनामा याचिका के साथ नहीं है, इसे दाखिल करने के लिए कहा गया था। अब सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट के मुताबिक याचिका में कोई खामियां नहीं है। इसके अलावा, याचिका में याचिकाकर्ता के तौर पर दो अन्य नाम जोड़े गए हैं। इनमें तमिलनाडु की सीवीके के नेता थोल थिरुमावलवन और जम्मू कश्मीर नेशनल कांफ्रेस के नेता सज्जाद अहमद किचलू भी याचिकाकर्ता बने हैं।

