पूर्णिया : राहुल गांधी के प्रयास से पैलेटगन मामले में केस दर्ज
पूर्णिया से रिपोर्ट में कांग्रेस के नेताओं ने बताया कि राहुल गांधी के प्रयासों के परिणामस्वरूप, नीट पेपर लीक के विरोध में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान घायल छात्र पर पैलेट गन चलाने के मामले में दिल्ली के संसद मार्ग थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने इस मामले में न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग की।

पूर्णिया से राजीव कुमार की रिपोर्ट कांग्रेस के जिला अध्यक्ष कुमार आदित्य और वरिष्ठ नेता गौतम वर्मा ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी के लगातार दबाव और प्रयास का परिणाम है कि छात्रों पर पैलेट गन चलाने के मामले में दिल्ली के संसद मार्ग थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट पेपर लीक के विरोध में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई में एक छात्र के पैलेट गन से घायल होने का मामला सामने आया था। घायल छात्र को लेकर राहुल गांधी संसद मार्ग थाना पहुंचे और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि शुरुआत में थाना स्तर पर मामला दर्ज करने से इनकार किया गया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, राहुल गांधी ने हार नहीं मानी और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से धरना दिया। कई घंटे के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे राहुल गांधी की दृढ़ इच्छाशक्ति और संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि एक घायल व्यक्ति की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने में कथित तौर पर आनाकानी किया जाना गंभीर विषय है। केंद्र सरकार को छात्रों की आवाज सुननी चाहिए और पैलेट गन से घायल हुए छात्र के मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। राहुल गांधी के इस कदम से पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह है।


