रुबियो की यात्रा को लेकर राहुल गांधी ने सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की आगामी भारत यात्रा को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय भी यात्रा से जुड़ी स्थिति स्पष्ट नहीं कर पा रहा है और प्रधानमंत्री चाहें तो वह उन्हें समझाने को तैयार हैं। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी रुबियो के कार्यक्रम की जानकारी अमेरिकी राजदूत से मिलने पर सवाल उठाया।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की आगामी भारत यात्रा को लेकर सरकार को घेरा है। प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय भी यह तय नहीं कर पा रहा है कि आखिर हो क्या रहा है। राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट में कहा कि रुबियो ने मुंबई में भारतीय अधिकारियों के साथ बैठक के लिए बुलाया है। विदेश मंत्रालय यह समझ नहीं पा रहा है कि आखिर यह हो क्या रहा है। केंद्र सरकार तंज कसते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, अगर प्रधानमंत्री समझना चाहते हैं, तो वह समझाने के लिए तैयार है।
उनकी यह टिप्पणी ऐसे वक्त आई है, जब अमेरिकी विदेश मंत्री भारत आने वाले हैं। ऐसी चर्चा है कि रुबियो मुंबई में विदेश मंत्री एस जयशंकर सहित भारतीय अधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। इसके पहले कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी रुबियो की यात्रा को लेकर भाजपा की अगुवाई वाली सरकार पर निशाना साधा था। रमेश ने सवाल उठाया था कि भारत में विदेश मंत्री के कार्यक्रम की जानकारी विदेश मंत्रालय के बजाय अमेरिकी राजदूत की ओर से क्यों दी जा रही है। अमेरिकी दूतावास के मुताबिक रुबियो अगले सप्ताह भारत की यात्रा पर रहेंगे। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा था कि रुबियो मुंबई यात्रा के दौरान भारत सरकार के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। उम्मीद है कि जयशंकर भी मौजूद रहेंगे। इस टिप्पणी पर रमेश ने विदेश मंत्रालय की चुप्पी पर सवाल उठाया था। अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो की इस साल यह दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले वह मई में भारत आए थे। उन्होंने दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर की मेजबानी में आयोजित क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया था।


