अंकिता भंडारी के परिवार से मिलने अचानक इंडिया गेट पहुंचे राहुल और प्रियंका
मतदाता सूची में गड़बड़ी के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन के धरने के बीच राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा इंडिया गेट पहुंचे। दोनों ने अंकिता भंडारी के परिवार से मुलाकात कर उनके साथ धरना दिया। कांग्रेस ने दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने पर सवाल उठाए। अंकिता के पिता ने सीबीआई जांच पूरी होने तक उनकी नियुक्ति रोकने की मांग की। हरीश रावत ने भी परिवार को समर्थन दिया और निष्पक्ष जांच की मांग की।

मतदाता सूची में गड़बड़ी के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन के देशव्यापी धरना प्रदर्शन के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बुधवार को अचानक इंडिया गेट पहुंच गए। इंडिया गेट पहुंचकर राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने वहां मौजूद अंकिता भंडारी के परिवार से मुलाकात कर अपना समर्थन जताया। इंडिया गेट पहुंचने पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अंकिता भंडारी के परिवार के साथ धरने पर बैठ गए। यह देखते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन फानन में बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षाबल वहां पहुंच गए। इस बीच बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता भी इंडिया गेट पर जुटने लगे। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी करीब डेढ़ घंटे तक अंकिता भंडारी के परिवार के साथ रहे। इस बीच कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी के परिवार से मुलाकात की है।
अंकिता भंडारी के परिवार के साथ धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका
दुष्यंत गौतम को बचा रही सरकार
दरअसल, वर्ष 2022 में अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। मामले में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता की संदिग्ध भूमिका की भी चर्चा होती है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा के नेता जिन दुष्यंत गौतम पर आरोप लगे, केंद्र सरकार ने उन्हें इनाम देते हुए सिक्किम का राज्यपाल बना दिया है। देश की बच्चियां और महिलाएं यह देख रही हैं कि कैसे पीएम और उनकी सरकार दुष्यंत गौतम को बचा रही है। अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने महामहिम राष्ट्रपति से मांग की है कि जब तक सीबीआई की जांच पूरी न हो जाए, तब तक दुष्यंत गौतम को राज्यपाल के तौर पर नियुक्त न किया जाए।
अंकिता को न्याय दिलाने की मांग
अंकिता भंडारी को न्याय मिले
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी अंकिता भंडारी के परिवार का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिले। उसके माता पिता को न्याय के लिए दर-दर भटकना न पड़े और इस हृदयविदारक मामले से जुड़े हर सवाल का निष्पक्ष जवाब मिले, यही उत्तराखंड की जनभावना है। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि हमारी बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय व्यवस्था पर विश्वास की लड़ाई है। इस मामले में उठे गंभीर सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और न्याय की मांग कर रहे परिवार की आवाज सुनी जानी चाहिए।

