राहुल गांधी ने ओमान में हुए हमले में मृत शिवानंद के भाई से की बात, दिया मदद का भरोसा
देवरिया के सुरौली निवासी शिप फिटर शिवानंद चौरसिया की ओमान में हमले में मौत हो गई। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने उनके भाई से बात कर ढांढस बंधाया और मदद का भरोसा दिया। शिवानंद की पत्नी को नौकरी और परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया, हालांकि ये सरकारी प्रक्रिया में बाधित हो सकते हैं।
देवरिया/सुरौली, वाचस्पति मिश्र। होर्मुज के पास ओमान में हुए हमले में देवरिया के सुरौली थाना क्षेत्र के सुरौली निवासी शिप फिटर शिवानंद चौरसिया की 10 जून को मौत हो गई थी। इस घटना पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को शिवानंद के भाई से मोबाइल के जरिये बातचीत कर ढांढस बंधाया और मदद का भरोसा दिया। उन्होंने 1.15 मिनट तक रामप्रवेश से बात की। इस दौरान कहा कि उनके परिवार के साथ कांग्रेस पार्टी खड़ी है।
राहुल गांधी का फोन कॉल
बुधवार की दोपहर बाद 1.50 मिनट पर कुशीनगर जिले के रहने वाले यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव प्रियेश पांडेय सुरौली पहुंचे और अपने मोबाइल से राहुल गांधी से शिवानंद के भाई रामप्रवेश से बात कराई। रामप्रवेश ने बताया कि राहुल गांधी ने घटना पर दुख प्रकट करते हुए परिवार के साथ खड़ा रहने का भरोसा दिलाया। उन्होंने सबसे पहले पूछा कि शव मिला की नहीं, इस पर रामप्रवेश ने बताया कि शव हमें मिल गया है।
आर्थिक सहायता की मांग
रामप्रवेश ने शिवानंद की पत्नी को नौकरी और परिवार को कम से कम एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही तो राहुल गांधी ने कहा कि यूपी में मेरी सरकार नहीं है। इसलिए यह मांग वह पूरी नहीं कर पाएंगे। सरकार पर दबाव बनाने के लिए वह प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे। ताकि आपकी मांगें पूरी हो सके। हर संभव मदद दिलाया जाएगा।


