युवाओं को निराश कर रही मौजूदा शिक्षा व्यवस्था : राहुल
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था के लिए आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रणाली युवा पीढ़ी को निराश कर रही है और लोगों को नाउम्मीद कर रही है। उन्होंने 19 सितंबर को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले लोगों से अपने अनुभव साझा करने की अपील की।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की मौजूदा शिक्षा व्यवस्था ने युवा पीढ़ी को निराश और लोगों को नाउम्मीद कर दिया है। राहुल गांधी ने लोगों से अपने अनुभव और सुझाव साझा करने की अपील करते हुए कहा कि मिलकर फिर से उम्मीद जगाई जा सकती है। उन्होंने 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि प्रश्नपत्र लीक, ऊंची फीस और खराब बुनियादी ढांचे जैसी समस्याओं से लाखों मेहनती युवा प्रभावित हो रहे हैं।
कहा, शिक्षा व्यवस्था उसी पीढ़ी को निराश कर रही है, जिसे आगे बढ़ाने के लिए इसे बनाया गया था।कांग्रेस सांसद ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार की शुरुआत उन लोगों की बात सुनने से होनी चाहिए, जो रोजाना इसकी खामियों का सामना करते हैं। उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से सवाल किया कि आखिर उन्होंने शिक्षा व्यवस्था से उम्मीद क्यों खो दी है। इस उम्मीद को वापस हासिल करने के प्रयास किए जाने चाहिए। राहुल गांधी ने लोगों से अपने अनुभव, संबंधित साक्ष्य और सुझाव साझा करने की अपील करते हुए कहा कि मिलकर शिक्षा व्यवस्था में फिर से उम्मीद जगाई जा सकती है। दरअसल, राहुल इन दिनों देश के अलग-अलग हिस्सों में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम कर रहे हैं। इसमें वह छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों को उठाते हैं।


