पुलिस की बर्बरता को यूं ही जाने नहीं दिया जाएगा: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने छात्रों पर हमलों के मामलों में एफआईआर दर्ज नहीं की। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ केरल, राजस्थान और अदालतों में कानूनी रास्ते अपनाए जाएंगे। साझा वीडियो में छात्रों ने पिटाई का अनुभव बताया। राहुल ने सरोजिनी नायडू के सत्याग्रह का उदाहरण देते हुए युवाओं की निडरता और एकजुटता की सराहना की।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर छात्रों पर हुए हमलों के मामले में दिल्ली पुलिस पर एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली पुलिस की इस बर्बरता को यूं ही जाने नहीं दिया जाएगा। पार्टी अदालतों में हर कानूनी रास्ता अपनाएगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एनएसयूआई और दूसरे छात्रों के साथ अपनी बातचीत का एक वीडियो भी साझा किया है। करीब डेढ मिनट के वीडियों में छात्र और युवा पुलिस पिटाई की अपनी आपबीती सुना रहे हैं। इसके बाद राहुल गांधी कहते हैं कि छात्रों की पिटाई करने वाले अफसरों पर जबरस्त दबाव डालेंगे। वीडियो में राहुल गांधी कह रहे हैं कि जिन लोगों ने यह किया है उन पर ऐसा दबाव डालें कि अगला व्यक्ति ऐसा नहीं करे। छात्रा अपनी बातचीत में महिला पुलिसकर्मी चंचल यादव का कई बार जिक्र करती है। चंचल का नाम लेते हुए राहुल गांधी कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि उसे हम उदाहरण बनाएगें, पूरे देश में दबाव बनाएगें। इसके साथ सोशल मीडिया पर किए एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि केरल की अथिरा और राजस्थान की रितु समेत कई अन्य युवतियों को दिल्ली पुलिस ने पीटा है। उन्होंने केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला और राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से बात की है। केरल में पहले ही एक जीरो एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। राहुल गांधी ने कहा कि हम जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ केरल, राजस्थान और अदालतों में हर कानूनी रास्ता अपनाएंगे।
सरोजिनी नायडू का दिया उदाहरण
सत्याग्रह और युवाओं की एकजुटता
स्वतंत्रता सेनानी सरोजिनी नायडू का उदाहरण देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि 1930 धरासना में सरोजिनी नायडू के नेतृत्व में निहत्थे सत्याग्रहियों ने पुलिस की लाठियों का सामना किया था। उन्होंने कहा कि उस वक्त भी किसी सत्याग्रही ने हाथ नहीं उठाया। पूरी दुनिया ने यह देखा। राहुल गांधी ने कहा कि पुलिस हड्डियां तो तोड़ सकती है, लेकिन सत्याग्रह को नहीं तोड़ सकती। भारत के युवा, खासकर युवतियां, निडर, दृढ़ और एकजुट हैं। वे हमारे लोकतंत्र के लिए खड़े हैं, और वह उनके साथ खड़े हैं।

