राधा-कृष्ण रूप सज्जा एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता रहा आकर्षण
चाकुलिया के शांति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को जीवंत किया गया तथा राधा-कृष्ण रूप सज्जा एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में अपूर्व नाथ एवं रिमी नाथ ने पहले स्थान पर जीत हासिल की। समारोह में सैकड़ों अभिभावक भी उपस्थित रहे।

चाकुलिया। चाकुलिया के शांति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में गुरुवार को जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर राधा-कृष्ण रूप सज्जा एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में भैया-बहनों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं राधा-कृष्ण की मनमोहक छवि को जीवंत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संरक्षक रवि झुनझुनवाला, अध्यक्ष प्रभात झुनझुनवाला, मारवाड़ी महिला समिति की पूर्व अध्यक्ष मंजू अग्रवाल, अदिति शर्मा, लक्ष्मी नारायण दास, रमाकांत शुक्ला एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य कमला कांत प्रमाणिक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं बाल कृष्ण की आरती उतार कर किया। विद्यालय की बहनों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।
राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें लगभग 65 भैया-बहनों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अपूर्व नाथ एवं रिमी नाथ, द्वितीय स्थान मयंक दास एवं तेजस्वी शर्मा, तृतीय स्थान दिया राय महापात्रा एवं देवांजली दास ने प्राप्त किया। कक्षा नवम एवं दशम के भैया-बहनों के बीच रोमांचक मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। कक्षा नवम के भैया विजयी रहे। विद्यालय की बहनों ने भी मटकी फोड़ कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यालय के संरक्षक रवि झुनझुनवाला ने जन्माष्टमी के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्य-दीदी, सैकड़ों भैया-बहन एवं अभिभावकगण उपस्थित थे।


