Bagpat News: पागल कुत्ते ने 10 लोगों और 12 मवेशियों को काटा
Bagpat News: बागपत के निवाड़ा गांव में एक पागल कुत्ते ने 10 ग्रामीणों और 12 मवेशियों को काटकर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने कुत्ते को घेरकर लाठी-डंड़ों से मार डाला। निवाड़ा गांव में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ रही है, जिसके खिलाफ ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन से शिकायत की है।

Bagpat News: बागपत। बागपत कोतवाली क्षेत्र के निवाड़ा गांव में सोमवार की दोपहर पागल कुत्ते ने खूब कहर बरपाया। उसने 10 ग्रामीणों और 12 मवेशियों को काटकर घायल किया। घायलों के चिकित्सकों से उपचार दिलवाया जा रहा है। वहीं, ग्रामीणों ने घेराबंदी कर कुत्ते को डंड़ों से प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया। निवाड़ा गांव में सैकड़ों की संख्या में आवारा कुत्ते विचरण करते रहते है। सोमवार की दोपहर इन्हीं में से एक कुत्ता पागल हो गया। जिसके बाद उसके सामने जो भी आया, उसे ही काटकर घायल कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि कुत्ते ने राशीद, नौशाद, आरिफ, सुहेल, दानिश, कामिल समेत 10 लोगों को घायल किया।
इतना ही नहीं पागल कुत्ते ने आठ बकरी, तीन भैंस और एक गोवंश को हमलाकर घायल किया। सभी घायल लोगों को चिकित्सकों से उपचार दिलवाया जा रहा है। वहीं, मवेशियों को पशु चिकित्सक उपचार देने में लगे है। दूसरी ओर पागल कुत्ते का कहर देखकर ग्रामीण एकत्र हो गए। इसके बाद उन्होंने कुत्ते को घेराबंदी की। जैसे ही कुत्ता ग्रामीणों की घेराबंदी में फंसा, तो ग्रामीणों ने लाठी-डंड़ों से प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग कर चुके है, लेकिन अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे है। जिसके चलते आए दिन कुत्ते लोगों को हमला कर घायल कर रहे है। उन्होंने डीएम से आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।


