ध्यानचंद जयंती पर बच्चों ने दिखाई खेल प्रतिभा
लोहरदगा में टायनी टास्क विद्यालय में मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मेजर ध्यानचंद के जीवन और खेलों के बारे में सवालों के जवाब देकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय के प्रशासक ने खेलों के महत्व पर बल दिया।

लोहरदगा, संवाददाता। मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को टायनी टास्क विद्यालय में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के डायरेक्टर अजातशत्रु सिंह और एडमिनिस्ट्रेटर रघुवीर शर्मा ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। क्विज में मेजर ध्यानचंद के जीवन, उनकी उपलब्धियों, हॉकी और विभिन्न खेलों से जुड़े सवाल पूछे गए। विद्यार्थियों ने सवालों के जवाब देकर अपनी खेल संबंधी जानकारी और सामान्य ज्ञान का प्रदर्शन किया। मौके पर विद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर रघुवीर शर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, टीम भावना, मेहनत और खेल भावना को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद भारतीय हाकी के महान खिलाड़ियों में से एक थे। उन्होंने 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक खेलों में भारत की स्वर्ण पदक विजेता टीम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी जयंती प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाई जाती है। प्रतियोगिता के अंत में विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी गई। विद्यालय परिवार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ने के साथ देश के महान खिलाड़ियों के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित होती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की सभी शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


