आरपीएफ और रेल प्रशासन की तत्परता से बची यात्री की जान
जमालपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और रेलवे अस्पताल की तत्परता से एक यात्री की जान बच गई। मुंगेर के मूरद शाह दिल्ली जाने के लिए गरीब रथ एक्सप्रेस में सवार हुए थे, तभी उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। आरपीएफ की टीम ने तुरंत प्राथमिक उपचार कर उन्हें सुरक्षित अस्पताल पहुँचाया।

जमालपुर, निज प्रतिनिधि। जमालपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, रेल थाना और रेलवे अस्पताल की तत्परता से मंगलवार को एक यात्री की जान बच गई। दिल्ली जाने के लिए गरीब रथ एक्सप्रेस में सवार होने पहुंचे एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई और हार्ट अटैक के लक्षण दिखाई देने लगे। स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन आरपीएफ एवं रेलवे अस्पताल की टीम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए यात्री को प्राथमिक उपचार दिलाकर सुरक्षित रेलवे अस्पताल पहुंचाया। इस बावत एसएस दीपक कुमार ने बताया कि मुंगेर जिला के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के चुआबाग निवासी मूरद शाह अपनी पत्नी रुक्मणी देवी, पुत्री दीपिका कुमारी और पुत्र मनोज कुमार के साथ गरीब रथ एक्सप्रेस से दिल्ली जाने के लिए जमालपुर स्टेशन पहुंचे थे।
उनका आरक्षित बर्थ नंबर जी-13 था।ट्रेन में चढ़ने के दौरान अचानक मूरद शाह की तबीयत बिगड़ गई और वे प्लेटफॉर्म पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना आरपीएफ को दी। वहीं स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के एसआई झग्गू उरांव ने बिना समय गंवाए ने घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रेलवे अस्पताल की चिकित्सकीय टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। चिकित्सकों ने जांच के दौरान हार्ट अटैक के लक्षण पाए और गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल अस्पताल भेजा गया। इधर, रेलवे अस्पताल की टीम में डॉ. आरएन सिंह, कंपाउंडर एम. रियाज तथा एंबुलेंस चालक प्रीतम कुमार शामिल थे। वहीं आरपीएफ के एएसआई मोतीलाल ने अन्य कर्मियों के सहयोग से यात्री को सुरक्षित एंबुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। और जान बच गई।


