नया कार्यभार ग्रहण नहीं किया तो वेतन रुकेगा
By Ashish Gupta
हिन्दुस्तान, नई दिल्लीनई दिल्ली में लोक निर्माण विभाग ने स्थानांतरण के बाद नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। 21 अगस्त को किए गए स्थानांतरण के बाद, ऐसे अधिकारियों को 7 सितंबर से वेतन जारी नहीं करने की चेतावनी दी गई है।

नई दिल्ली, प्र.सं.। स्थानांतरण के बाद नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ लोक निर्माण विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्थानांतरित अधिकारियों ने यदि नई जगह पर ज्वॉइन नहीं किया तो उन्हें 7 सितंबर से वेतन जारी नहीं किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी में 21 अगस्त को कई कार्यकारी अभियंता और सहायक अभियंता (सिविल व इलेक्ट्रिकल) का स्थानांतरण हुआ था। यह आदेश तत्काल लागू किया गया था, लेकिन इसमें से कई अभियंता नई तैनाती पर नहीं पहुंचे। इनके संबंध में एक कार्यालय आदेश जारी हुआ है, जिसमें कहा गया है कि इन्हें 7 सितंबर की पूर्वाह्न से हर हाल में कार्यमुक्त कर दिया जाएगा।
साथ ही आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) को निर्देश दिया है कि जो अधिकारी 7 सितंबर से नई जगह ज्वॉइन न करें, उनका वेतन जारी न किया जाए।


