ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए सड़कों को संवारा जा रहा
-पीडब्ल्यूडी हरियाली के लिए पौधे व गमले लगा रहा, सड़कों पर मार्किंग व स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त की जा रहींनई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों में लोक निर्माण विभाग...

-पीडब्ल्यूडी हरियाली के लिए पौधे व गमले लगा रहा, सड़कों पर मार्किंग व स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त की जा रहीं नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) पूरी तरह जुट गया है। दिल्ली में 12-13 सितंबर को होने वाले सम्मेलन के लिए सड़कों को संवारा जा रहा है। सड़कों से लेकर स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने का काम तेजी से चल रहा है।
सम्मेलन में प्रतिनिधियों की भागीदारी
सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य देशों और सहयोगी राष्ट्रों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इतने बड़े स्तर पर विदेशी मेहमानों के आगमन को देखते हुए पीडब्ल्यूडी अपने मार्गों को हर स्तर पर दुरुस्त करने में जुटा है, क्योंकि इन्हीं सड़कों से होकर विदेशी प्रतिनिधिमंडल गुजरेंगे और राजधानी की पहली छवि इन्हीं मार्गों से बनेगी।
हरियाली और सड़क व्यवस्था
इसी क्रम में पीडब्ल्यूडी अपने मार्गों पर हरियाली बढ़ाने में लगा है। जिन स्थानों पर पेड़-पौधे कम हैं, वहां नए पौधे रोपे जा रहे व गमले लगाए जा रहे हैं, ताकि सड़कें हरी-भरी और आकर्षक दिखें। साथ ही पुराने और घने पेड़ों की छंटाई की जा रही है, जिससे न सिर्फ मार्ग साफ-सुथरे दिखें बल्कि यातायात के लिए भी कोई बाधा न रहे। मार्गों पर लेन मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग को भी दुरुस्त किया जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और वाहन चालकों को दिशा-निर्देश स्पष्ट रूप से मिलें।
स्ट्रीट लाइट्स का सुधार
इसके अलावा खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक किया जा रहा है और जहां रोशनी की कमी है, वहां नई लाइटें लगाई जा रही हैं, ताकि रात के समय भी मार्ग पूरी तरह रोशन रहें और सुरक्षा बनी रहे। अधिकारियों का कहना है कि सम्मेलन के सफल आयोजन और भारत की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने के लिए यह पूरी कवायद की जा रही है। खासतौर पर भारत मंडपम और राजघाट के आसपास रिंग रोड के आसपास के इलाकों को सुंदर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
-----


