पूर्णिया विश्वविद्यालय एक सप्ताह में जारी करेगा स्पेशल परीक्षा पार्ट थर्ड का रिजल्ट
-स्पेशल परीक्षा का परीक्षाफल घोषित नहीं होने से अधर में अटका पीजी में नामांकन की प्रक्रिया पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया विश्वविद्यालय के

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग के द्वारा एक सप्ताह के अंदर स्पेशल परीक्षा पार्ट थर्ड का रिजल्ट घोषित कर दिया जायेगा। इसके निमित्त विश्वविद्यालय में तैयारी युद्ध स्तर पर जारी है।
विशेष परीक्षा परिणाम जारी करने की प्रक्रिया
स्पेशल परीक्षा पार्ट थर्ड के साथ स्नातक सिक्स सेमेस्टर का भी परीक्षा परिणाम जारी होने की प्रक्रिया चल रही है। वर्तमान समय में यूएमआईएस पर मार्क्स की इंट्री के बाद विशेष परीक्षा के परीक्षाथियों की उत्तरपुस्तिकाओं का टेबुलेशन का कार्य शुरू हो चुका है। अक्टूबर माह में ही विशेष परीक्षा के साथ सिक्स सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित कर नये सत्र में पीजी में नामांकन की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। पूर्णिया विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो मोहम्मद जहीरूल आलम ने बताया कि पूर्णिया विश्वविद्यालय के द्वारा जल्द ही स्नातक ईयरली स्पेशल पार्ट थर्ड 2026 का परीक्षा परिणाम घोषित किया जायेगा। वहीं यूजी सिक्स सेमेस्टर की परीक्षा का भी जल्द ही रिजल्ट जारी कर दिया जायेगा। इसके निमित्त परीक्षा विभाग में युद्ध स्तर पर टेबुलेशन का कार्य किया जा रहा है। स्पेशल पार्ट थर्ड और यूजी सिक्स सेमेस्टर का परीक्षाफल घोषित किये जाने के उपरांत नये सत्र में पीजी को लेकर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जायेगी。
छात्रों के बीच असंतोष
तीन माह से परीक्षार्थी कर रहे हैं विशेष परीक्षा के रिजल्ट का इंतजार :
-पूर्णिया विश्वविद्यालय में बीए, बीएससी और बीकॉम ऑनर्स ईयरली स्पेशल पार्ट थर्ड 2026 के साथ स्नातक सिक्स सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने से पीजी के नए सत्र में नामांकन की प्रक्रिया अधर में लटकी हुई है। स्पेशल परीक्षा को संपन्न हुए तीन महीने से अधिक समय बीत चुके हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अब तक रिजल्ट जारी नहीं किए जाने से हजारों परीक्षार्थियों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की गई बीए, बीएससी और बीकॉम ऑनर्स ईयरली स्पेशल पार्ट थर्ड की परीक्षाओं में शामिल हुए छात्रों को तीन माह बाद भी अपने परीक्षा परिणाम का बेसब्री से इंतजार है। सत्र को नियमित करने और प्रमोटेड व अनुत्तीर्ण छात्रों को मुख्यधारा में लाने के लिए इस विशेष परीक्षा का आयोजन किया गया था। परीक्षा समाप्त हुए लंबा समय बीत जाने के बाद भी परीक्षा विभाग द्वारा रिजल्ट जारी नहीं किया गया है, जिससे छात्रों में असंतोष व्याप्त है। स्नातक पार्ट थ्री का रिजल्ट नहीं आने के कारण सबसे बड़ा संकट स्नातकोत्तर के नए सत्र में दाखिला लेने वाले छात्रों के सामने खड़ा हो गया है। स्नातक स्तर के सभी लंबित रिजल्ट जब तक घोषित नहीं हो जाते, तब तक पीजी नामांकन की मेरिट लिस्ट और आवेदन की आगामी प्रक्रिया शुरू नहीं की जा सकती है। रिजल्ट के अभाव में विश्वविद्यालय प्रशासन पीजी सत्र की दाखिला प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ा पा रहा है, जिससे पूरा नया शैक्षणिक सत्र विलम्ब की कगार पर है। विशेष परीक्षा के परीक्षार्थियों का कहना है कि सत्र को नियमित करने के नाम पर स्पेशल परीक्षा तो ले ली गई, लेकिन समय पर रिजल्ट नहीं देकर विश्वविद्यालय प्रशासन उनके करियर के साथ खिलवाड़ कर रहा है। यदि जल्द ही रिजल्ट घोषित नहीं किया गया, तो छात्रों का एक पूरा साल बर्बाद हो सकता है।

