18 से 21 जुलाई तक पूर्णिया विश्वविद्यालय खोलेगा समर्थ एडमिशन पोर्टल
-चतुर्थ मेरिट लिस्ट के आधार पर नामांकन के लिए नये अभ्यार्थियों से लेगा ऑनलाइन आवेदन पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया विश्वविद्यालय ने चार वर्

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया विश्वविद्यालय ने चार वर्षीय सीबीसीएस स्नातक सत्र 2026- 30 में चतुर्थ मेरिट लिस्ट के आधार पर नामांकन शुरू करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत विश्वविद्यालय के द्वारा सभी कॉलेजों में स्नातक के रिक्त बचे विषयवार सीटों की संख्या घोषित कर दी है। साथ ही राज्यपाल सचिवालय लोकभवन पटना द्वारा प्राप्त निर्देशों तथा विश्वविद्यालय नामांकन समिति द्वारा लिए गए निर्णयों के आलोक में समर्थ एडमिशन पोर्टल 18 से 21 जुलाई तक पुनः खोला जा रहा है ताकि नए अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकें। वहीं ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पूर्व में नामांकन हेतु समर्थ पोर्टल पर लॉगिन करते हुए रजिस्ट्रेशन किया था, किन्तु ऑनलाइन आवेदन शुल्क का भुगतान नहीं कर सके अथवा अपना ऑनलाइन आवेदन पूर्ण नहीं कर पाए, वे पुनः लॉगिन कर अपना ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कर सकते हैं। जबकि ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पूर्व में ऑनलाइन आवेदन किया लेकिन कॉलेज आवंटन नहीं हुआ है, उन्हें विषय तथा कॉलेज में संशोधन करने का एक अवसर प्रदान किया जा रहा है। निर्धारित अवधि के बाद किसी प्रकार का परिवर्तन स्वीकार नहीं किया जाएगा。
त्रुटिपूर्ण आवेदन के कारण नामांकन नहीं करा पाने वाले अभ्यार्थी को मिलेगा नया आवेदन का मौका :
-ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पूर्व में स्नातक में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था तथा मेधा सूची में चयनित हुए थे, किन्तु आवेदन पत्र में अंक प्रतिशत, श्रेणी , जेंटर अथवा अन्य किसी विवरण की त्रुटिपूर्ण प्रविष्टि, गलत प्रमाण-पत्र अपलोड किए जाने या किसी अन्य कारण से नामांकन नहीं कर सके, उन्हें पुनः नया आवेदन करना अनिवार्य होगा। नया आवेदन नहीं करने की स्थिति में ऐसे अभ्यर्थी मेधा सूची से बाहर हो जायेगें। ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पूर्व में ऑनलाइन आवेदन में केवल एक ही विषय हेतु आवेदन किया था, लेकिन मेरिट सूची में चयन न होने के कारण अब वे दूसरे विषय के लिए भी ऑनलाइन आवेदन करना चाहते हैं। वे अपने ऑनलाइन आवेदन को पुनः लॉगिन कर दूसरे विषय के लिए भी इसी अवधि में आवेदन कर सकते हैं, जिसके लिए कोई आवेदन शुल्क नहीं लगेगा, लेकिन दूसरे लॉगिन से आवेदन करने पर आवेदन शुल्क लगेगा। ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पूर्व में ऑनलाइन आवेदन में दो विषय हेतु आवेदन किया था, लेकिन कॉलेज आवंटन न होने के कारण जब अब वे किसी अन्य तीसरे विषय के लिए भी ऑनलाइन आवेदन करना चाहते हैं। तब उन्हें पुनः नया ऑनलाइन आवेदन करना होगा। विश्वविद्यालय तीन मेधा सूची जारी कर चुका है। चतुर्थ मेधा सूची में सभी आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों को डीरिजर्व करते हुए मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। निर्धारित तिथि के उपरांत समर्थ पोर्टल स्वतः बंद हो जाएगा तथा किसी भी परिस्थिति में आवेदन या संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय के द्वारा सलाह दी गई है कि विषय तथा कॉलेज में संशोधन करने से पूर्व विश्वविद्यालय की वेबसाईट में महाविद्यालयों में विषयवार रिक्त सीटों को देख लेंगे। अधिकतर महाविद्यालयों में वाणिज्य विषयों की अधिकांश सीटें रिक्त है। विज्ञान विषय के अभ्यर्थी आर्ट्स विषय की अपेक्षा बांटनी, गणित, भौतिकी तथा केमिस्ट्री विषय नामांकन हेतु चुन सकते हैं। अभ्यर्थी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मेधा सूची की विषयवार कट-ऑफ का अपने अंक प्रतिशत से मिलान कर नामांकन की संभावना सुनिश्चित कर लें। यदि उनके अंक संबंधित विषय की कट ऑफ से कम है, तो वे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध महाविद्यालयबार एवं विषयवार रिक्त सीटों के अनुसार विषय अथवा महाविद्यालय में परिवर्तन कर सकते हैं। यदि इस बार भी ऑनलाइन आवेदन में अभ्यर्थी के अंक प्रतिशत जाति जेंडर अथवा अन्य विवरण में कोई विसंगति पाई जाती है तब न तो नामांकन लिया जाएगा और न ही आवेदन में संशोधन किया जाएगा। किसी भी स्थिति में नामांकन सुनिश्चित करने के लिए किसी भी एजेंट बाहरी व्यक्ति के भ्रमजाल में न फंसे और न ही रुपयों का लेन-देन करें। पूर्णिया विश्वविद्यालय की नामांकन प्रक्रिया बिहार सरकार के आरक्षण नियमों, नामांकन प्रावधानों तथा लोकभवन पटना द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुरूप समर्थ पोर्टल के माध्यम से संचालित हो रही है। ऑनलाइन आवेदन करते समय अंक, आरक्षण श्रेणी, जेंडर, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर एवं ई मेल आदि का सावधानीपूर्वक सत्यापन कर अंतिम रूप से समिट करें।


