जग्गू भगवानपुरिया गिरोह का अपराधी मोल्दोवा से प्रत्यर्पित
पंजाब पुलिस ने जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के प्रमुख अपराधी अमृतपाल सिंह को मोल्दोवा से इंडिया प्रत्यर्पित करने में सफलता हासिल की है। यह पहला ऐसा मामला है जब पंजाब पुलिस ने यूरोप से किसी आरोपी को प्रत्यर्पित किया है। अमृतपाल को मोल्दोवा के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था।

चंडीगढ़, एजेंसी। पंजाब पुलिस ने जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के एक प्रमुख अपराधी को केंद्रीय एजेंसियों की मदद से यूरोप के मोल्दोवा से प्रत्यर्पित कराकर भारत लाने में सफलता हासिल की है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि ऐसा पहली बार है, जब पंजाब पुलिस ने यूरोप के किसी देश से आरोपी को प्रत्यर्पित कराया है।
अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी
डीजीपी यादव ने शनिवार को बताया कि अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दलम हत्या, हत्या के प्रयास, गैरकानूनी गतिविधियां, आयुध अधिनियम और मादक पदार्थों से जुड़े कई मामलों में वांछित था। उसे 24 फरवरी को मोल्दोवा के अधिकारियों ने ओताची सीमा से यूक्रेन में प्रवेश करने की कोशिश करते समय गिरफ्तार किया था। अमृतपाल के संबंध में जानकारी मिलने के बाद पंजाब पुलिस ने उसे भारत प्रत्यर्पित कराने की प्रक्रिया शुरू की थी। चिशिनाउ की एक अदालत ने 26 मई को अमृतपाल के भारत में प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी थी। उसे लाने के लिए पंजाब पुलिस की चार सदस्यीय टीम मोल्दोवा भेजी गई थी। टीम ने शुक्रवार को मोल्दोवा के चिशिनाउ हवाईअड्डे पर अमृतपाल को हिरासत में लेकर शनिवार सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (आईजीआई) पहुंची। अमृतपाल ने हरियाणा के गुरपाल के विवरण का इस्तेमाल कर फर्जी पासपोर्ट बनवाया था और इसी के जरिये अक्टूबर 2024 में विदेश भाग गया था。


