पंजाब : हत्या की साजिश नाकाम, दो गिरफ्तार
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
पंजाब पुलिस की खुफिया शाखा ने पठानकोट से दो विदेशी गुर्गों को गिरफ्तार किया। ये गुर्गे लक्षित हत्या के इरादे से हाल ही में दुबई से पंजाब आए थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास दो पिस्तौल और 10 कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने इस मामले में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

चंडीगढ़, एजेंसी। पंजाब पुलिस की खुफिया शाखा ने पठानकोट से विदेशी आका के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। दोनों लक्षित हत्या को अंजाम देने के मकसद से हाल ही में दुबई से पंजाब आए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बटाला के ढिलवां निवासी रविंदर सिंह उर्फ ढिल्लों और गुरदासपुर के गांव बाल जसनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। इनके पास से दो अत्याधुनिक पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने एक बाइक भी जब्त की है। उस पर वाहन का पंजीकरण नंबर नहीं था। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी विदेशी आका के इशारे पर काम कर रहे थे और दुबई से आए थे।
इस संबंध में अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल' (एसएसओसी) पुलिस थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।


