संगठनात्मक रिपोर्ट मिलने के बाद कांग्रेस ने वारिंग को हटाया
अपडेट नोट---पूर्व में जारी ‘वारिंग ने अपने ‘एक्स’ बायो में पूर्व पीपीसीसी अध्यक्ष लिखा’ खबर

चंडीगढ़, एजेंसी। संगठनात्मक रिपोर्ट मिलने के बाद पंजाब में कांग्रेस अध्यक्ष पद से अमरिंदर सिंह राजा वारिंग को हटाने का फैसला किया गया। सचिन पायलट को पांच सितंबर को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जगह पंजाब का पार्टी प्रभारी बनाया गया था। पायलट ने पार्टी हाईकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपने से पहले राज्य के पार्टी नेताओं के साथ कई बैठकें कीं। पार्टी ऐसे नेता को नियुक्त करना चाहती है, जो 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले अलग-अलग गुटों को साथ लेकर चल सके। पार्टी सूत्रों ने बताया कि चुनावों से पहले इस पद के लिए पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद विजय इंदर सिंगला का नाम सबसे आगे चल रहा है। सिंगला के अलावा पूर्व ओलंपियन और जालंधर कैंट के विधायक परगट सिंह, पूर्व विधायक राणा केपी सिंह, राजा सांसी के विधायक सुखबिंदर सिंह सरकारिया, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम भी इस पद के लिए चर्चा में हैं。
पूर्व मुख्यमंत्री का बयान
पंजाब कांग्रेस प्रमुख को बदलने के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि इस पर फैसला लेना पार्टी का अधिकार है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद के बारे में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ही अंतिम फैसला लेंगे। वही जानते हैं कि किसे नियुक्त करना है या कब बदलाव करना है। एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए चन्नी ने कहा कि पायलट को पार्टी का महासचिव प्रभारी नियुक्त करने से राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं को नई उम्मीद मिली है।
वारिंग ने अपना ‘एक्स’ बायो बदला
पंजाब कांग्रेस प्रमुख के पद से हटाए जाने के बाद अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने गुरुवार को अपने ‘एक्स’ बायो में पूर्व पीपीसीसी अध्यक्ष लिखा। पंजाब कांग्रेस प्रमुख के तौर पर अपनी जगह किसी और को लाए जाने के सवाल पर वारिंग ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

