मंत्री चीमा के आवास का घेराव करेगी कांग्रेस : पायलट
पंजाब कांग्रेस के नेता गुलजार सिंह की मौत के मामले में न्याय की मांग के लिए 15 सितंबर को चंडीगढ़ में प्रदर्शन करेंगे। गुलजार ने मंत्री हरपाल सिंह चीमा से नशे की समस्या पर सवाल उठाया था और मानसिक प्रताड़ना के बाद आत्महत्या कर ली थी। पायलट ने स्वतंत्र जांच की मांग की है।

पंजाब : गुलजार सिंह की मौत के मामले में 15 को प्रदर्शन चंडीगढ़, एजेंसी। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने शनिवार को कहा कि पंजाब कांग्रेस के नेता 15 सितंबर को चंडीगढ़ में मंत्री हरपाल सिंह चीमा के आवास तक मार्च निकालकर दिवंगत गुलजार सिंह के परिवार के लिए न्याय की मांग करेंगे।पायलट ने कहा, गुलजार ने पंजाब में बेकाबू नशे की समस्या को लेकर मंत्री से सवाल उठाया था। इसके बाद दबाव और मानसिक प्रताड़ना के बाद उन्होंने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मौत से पहले गुलजार की ओर से रिकॉर्ड किए गए वीडियो में मंत्री का नाम लिया गया है।
उन्होंने कहा कि गुलजार के परिवार ने अंतिम संस्कार के दौरान उन्हें सम्मान नहीं देने का भी आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता पायलट ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की। उन्होंने कहा, कांग्रेस मंत्री को पद से हटाने और सभी पहलुओं की समयबद्ध जांच से कम कुछ भी स्वीकार नहीं करेगी।


