पड़ोसी देशों की तुलना में पंजाब को अपने ही प्रांतों से ज्यादा खतरा : मरियम नवाज
पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने शनिवार को कहा कि पंजाब को पड़ोसी देशों की तुलना में अपने ही पड़ोसी प्रांतों से अधिक सुरक्षा खतरा है। उन्होंने आतंकवादी गतिविधियों पर चिंता जताते हुए कहा कि खैबर पख्तूनख्वा से आते खतरों का सामना पंजाब कर रहा है। पीटीआई नेता असद कैसर ने उनकी टिप्पणियों की निंदा की।

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने शनिवार को कहा कि उनके प्रांत को पड़ोसी देशों की तुलना में अपने ही पड़ोसी प्रांतों से ज्यादा सुरक्षा खतरा है। पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान में आतंकवादी गतिविधियों में तेजी आई है, खासकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान प्रांतों में, जो दोनों ही पंजाब के पड़ोसी प्रांत हैं। लाहौर में एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि 13 करोड़ की आबादी वाले पंजाब को खतरा पड़ोसी देशों से कम और पड़ोसी प्रांतों से अधिक है। पड़ोसी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां से आतंकवाद पंजाब में प्रवेश करता है, लेकिन पंजाब सुरक्षित है।
हमें जिन खतरों का सामना करना पड़ता है, वे हमारी सभी प्रांतीय सीमाओं से आते हैं।पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के वरिष्ठ नेता असद कैसर ने कहा कि खैबर पख्तूनख्वा के बारे में मरियम नवाज की अपमानजनक और व्यंग्यात्मक टिप्पणियां बेहद शर्मनाक हैं और इनकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।


