विज्ञान मेले से बच्चों में वैज्ञानिक सोच का विकास संभव : ब्रह्माजी राव
हजारीबाग में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में दो दिवसीय प्रांतीय विज्ञान मेला 2026 की शुरुआत हुई। मुख्य अतिथि ब्रह्माजी राव ने बताया कि यह मेला बच्चों में वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा को विकसित करने के लिए आयोजित किया गया है। इस मेले में विभिन्न विद्यालयों के छात्र अपने नवाचार और मॉडल पेश कर रहे हैं।

हजारीबाग, नगर प्रतिनिधि। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, कुम्हार टोली में दो दिवसीय प्रांतीय विज्ञान मेला 2026 का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माता सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि विद्या भारती के अखिल भारतीय मंत्री ब्रह्माजी राव ने कहा कि विज्ञान मेले से बच्चों में वैज्ञानिक प्रतिभा और सोच का विकास होता है। क्रियात्मक अध्ययन, अवलोकन, अन्वेषण और नवाचार को बढ़ावा देना मेले का उद्देश्य है।विभाग प्रमुख ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों में वैज्ञानिक प्रतिभा विकसित करने और नए आविष्कारों के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया गया है। मेले में झारखंड के आठ विभागों के विद्यालयों से चयनित बाल वैज्ञानिकों ने भाग लिया।
विद्यार्थियों ने प्राथमिक चिकित्सा, पर्यावरण स्वच्छता, वर्षा जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन, वायुदाब, विद्युत रसायन, जैव प्रौद्योगिकी एवं नवाचार आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। शिशु, किशोर, बाल एवं तरुण वर्ग में मॉडल, प्रश्नमंच, पत्रवाचन और प्रयोग आधारित प्रतियोगिताएं हुईं।अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि विज्ञान मेले से वैज्ञानिक सोच के साथ बच्चों का सर्वांगीण विकास और प्रतिस्पर्धा की भावना भी बढ़ती है। चयनित विद्यार्थी क्षेत्रीय विज्ञान मेले में भाग लेंगे। मेले का समापन 6 सितंबर को होगा।

