तेलंगाना : शुद्धिकरण मामले में सात गिरफ्तार
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
तेलंगाना के सिद्दिपेट जिले में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव के फार्महाउस के पास कांग्रेस और दलित कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया। यह मामला 8 सितंबर को हल्दी का पानी छिड़ककर किए गए शुद्धिकरण से संबंधित है, जिसमें 15 लोगों की संलिप्तता पाई गई।

हैदराबाद, एजेंसी। तेलंगाना के सिद्दिपेट जिले में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव के फार्महाउस के नजदीक कांग्रेस और दलित कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन के बाद शुद्धिकरण करने के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। सिद्दिपेट जिले की पुलिस ने मंगलवार को बताया कि वरदराजपुर में आठ सितंबर को हल्दी का पानी छिड़ककर किए गए शुद्धिकरण को लेकर मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने बताया कि तस्वीर, वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद 15 लोगों की संलिप्तता सामने आई थी। इनमें सात लोगों को 14 सितंबर को पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से गिरफ्तार किया गया।
सभी आरोपियों को गजवेल की अदालत में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।


