शिक्षा की बदहाली को लेकर सुराज सेवा दल का प्रदर्शन
देहरादून में सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने सरकारी शिक्षा प्रणाली की खराबी और शिक्षकों की कमी के खिलाफ धरना दिया। प्रदर्शन में शिक्षकों के रिक्त पद भरने, जर्जर भवनों की मरम्मत और मूलभूत सुविधाओं की मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

देहरादून। प्रदेश की बदहाल सरकारी शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की कमी और जर्जर भवनों के विरोध में सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर धरना दिया। इस दौरान संगठन ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी भेजा। प्रदर्शन के दौरान सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने, विषयवार शिक्षकों की तैनाती, जर्जर भवनों की मरम्मत और पेयजल, बिजली व शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं जुटाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से दूर करना प्रदेश के भविष्य के साथ अन्याय है।
प्रदेश महामंत्री देवेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि सरकारी स्कूलों का बंद होना और शिक्षकों की कमी बेहद गंभीर चिंता का विषय है। जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल ने मांग की कि शिक्षा भर्तियों में पारदर्शिता लाई जाए और किसी भी स्कूल को बंद या विलय करने से पहले स्थानीय जनप्रतिनिधियों व अभिभावकों की लिखित सहमति ली जाए। युवा अध्यक्ष हिमांशु धामी ने कहा कि सुराज सेवा दल शिक्षा सुधार के लिए संघर्ष जारी रखेगा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर अमित अग्रवाल, राजेश थापा, वीरेंद्र सिंह, कुनाल, शिवम, संजय, दिव्यांश, मनीष राणा, अरविंद, कमल धामी, कावेरी जोशी, पूजा नेगी, संगीता, मोनिका, नसरीन, सुमन, लक्ष्मी और गीता आदि मौजूद रहे।


