64 कर्मचारियों के एक दिन के वेतन कटौती पर मेंस कांग्रेस का विरोध, जांच के बाद समाधान का आश्वासन
चक्रधरपुर रेल मंडल के 64 कर्मचारियों के वेतन में कटौती के विरोध में साउथ ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस ने प्रबंधन से मुलाकात की। कर्मचारियों की विश्राम अवधि में बदलाव और ओवरटाइम भुगतान जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। प्रशासन ने वेतन कटौती को रोकने का निर्देश दिया है।
चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल के इलेक्ट्रिकल जनरल विभाग में कार्यरत करीब 64 कर्मचारियों के एक दिन के वेतन की कटौती किए जाने के विरोध में साउथ ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. ऋषभ सिन्हा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों के निर्धारित दो दिन के रेस्ट को एक दिन में बदलकर एक दिन की अनुपस्थिति दर्ज किए जाने का मामला भी उठाया।प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित डीलिंग क्लर्क की कार्यप्रणाली की शिकायत करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ने निर्देश दिया कि 64 कर्मचारियों के वेतन से की गई कटौती को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।
उन्होंने कहा कि रोस्टर में किसी तरह की विसंगति मिलने पर समिति गठित कर इसकी दोबारा समीक्षा की जाएगी। समीक्षा के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।बैठक में 15 महीने से लंबित ओवरटाइम (ओटी) भुगतान का मुद्दा भी उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मंडल संयोजक शशि मिश्रा ने किया। मौके पर इलेक्ट्रिकल जनरल विभाग के पदाधिकारी प्रभात कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मेंस कांग्रेस ने कर्मचारियों की मांगों के उचित समाधान और उनके हितों की रक्षा का भरोसा जताया।


