नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
बरेली में जनशक्ति एकता पार्टी के अध्यक्ष रोहिताश कश्यप ने कलेक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नीट परीक्षा में अनियमितताओं, पेपर लीक और आत्महत्या के मामलों की गंभीर चिंता व्यक्त की गई। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की और न्याय और आर्थिक सहायता की मांग की।
बरेली। जनशक्ति एकता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहिताश कश्यप ने गुरुवार को कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक की घटनाओं और छात्रों की आत्महत्या के मामलों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। रोहिताश कश्यप ने कहा कि देशभर के लाखों छात्र वर्षों की मेहनत के बाद नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं। बार-बार पेपर लीक और विवादों से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा व्यवस्था में लगातार हो रही गड़बड़ियों की नैतिक जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेने की मांग की गई है। ज्ञापन में नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुए पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम व आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को दो-दो करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग भी की गई। इस दौरान दूरी लाल, भूरा, रियाद, तस्लीम अली, रामनाथ, आयुष, अमित आदि मौजूद रहे।


