विनोद साहनी हत्या के विरोध में प्रदर्शन, परिवार को पांच करोड़ देने की मांग
लखीमपुर के करनैलगंज में सामाजिक कार्यकर्ता विनोद साहनी की हत्या के खिलाफ शनिवार को धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के परिवार को पांच करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की। समाज में असुरक्षा का माहौल है।

लखीमपुर। गोंडा के करनैलगंज में सामाजिक कार्यकर्ता विनोद साहनी की हत्या के विरोध में शनिवार को कश्यप निषाद धुरिया महासभा और मछुआ महासंघ ने धरना-प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें विनोद साहनी की हत्या के आरोपियों पर कार्रवाई और परिवार को पांच करोड़ का मुआवजा देने की मांग की। कश्यप निषाद धुरिया महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रामेन्द्र धुरिया और प्रदेश महासचिव अभिषेक कश्यप के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि विनोद साहनी समाज के शोषितों और पीड़ितों की आवाज को पुरजोर तरीके से उठाते थे। गोली मारकर और धारदार हथियारों व चाकुओं से गोदकर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई।
इस घटना से पूरे समाज में रोष और असुरक्षा का माहौल है। महासभा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मृतक के परिवार को पांच करोड़ रुपये का आर्थिक मुआवजा दिया जाए।परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। इसके साथ ही हत्या के आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई, आरोपियों के अवैध ठिकानों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की जाए। महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई न हुई तो समाज सड़क पर उतरकर धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। इस दौरान विमल कश्यप, रंजीत कश्यप, लक्ष्मीनारायन, राजेश, दिलीप कश्यप, तेजलाल निषाद आदि मौजूद रहे। वहीं, मछुआ महासंघ के जिलाध्यक्ष मुरारीलाल निषाद, अधिवक्ता तेजलाल निषाद, सुरेश निषाद आदि मौजूद रहे।


