आगरा कैंट घटना के विरोध में गया के स्टेशन मास्टरों का प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन मास्टर के साथ मारपीट की घटना के विरोध में गया जंक्शन से स्टेशन मास्टरों की टीम ने डीडीयू मंडल मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने रेलकर्मियों के साथ हिंसा की घटनाओं की निंदा करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। पूरे देश में इस मामले पर विरोध किया गया।

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान डिप्टी स्टेशन मास्टर के साथ कथित मारपीट की घटना के विरोध में बुधवार को गया जंक्शन से स्टेशन मास्टरों की एक टीम डीडीयू मंडल मुख्यालय के लिए रवाना हुई। टीम ने वहां आयोजित धरना-प्रदर्शन में भाग लेते हुए घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। धरना-प्रदर्शन में ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष एवं रेल ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्टेशन मास्टर शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मियों के साथ हिंसा और दुर्व्यवहार की घटनाएं रेलवे कर्मचारियों के मनोबल को प्रभावित करती हैं।
ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई जरूरी है। केंद्रीय अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि आगरा कैंट की घटना के विरोध में देशभर के सभी 69 रेलवे मंडल मुख्यालयों पर एक साथ धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल एक कर्मचारी के समर्थन का नहीं, बल्कि पूरे स्टेशन मास्टर समुदाय की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान की रक्षा का है। ड्यूटी के दौरान किसी भी रेलकर्मी के साथ हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। प्रदर्शन के दौरान स्टेशन मास्टरों ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा ड्यूटी पर कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देशभर के स्टेशन मास्टर कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर एकजुट हैं और इस मामले में किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेंगे।(गया जी से राजेश कुमार मिक्की की रिपोर्ट)


