अयोध्या में लेखपाल की गिरफ्तारी के विरोध में दिया धरना
चित्रकूट के मानिकपुर में लेखपाल उत्कर्ष दीप की गिरफ्तारी के खिलाफ लेखपालों ने प्रदर्शन किया। लेखपालों ने एंटी करप्शन टीम पर गलत कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए जांच और गिरफ्तारी वापस लेने की मांग की। आंदोलन के कारण स्थानीय प्रशासन में विभागीय समस्याओं का समाधान प्रभावित हुआ।

चित्रकूट/मानिकपुर, संवाददाता। अयोध्या के सोहावल तहसील में तैनात लेखपाल उत्कर्ष दीप की गिरफ्तारी के विरोध में लामबंद लेखपालों ने तहसील स्तर पर प्रदर्शन किया। धरना देने के साथ ही एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें एंटी करप्शन टीम पर गलत कार्रवाई करने का आरोप लगाया। मांग की कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए।एंटी करप्शन टीम ने अयोध्या में लेखपाल को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत मामले में गिरफ्तारी किया था। जिसके विरोध में शनिवार को सदर तहसील कर्वी समेत सभी जगह लामबंद लेखपालों ने धरना-प्रदर्शन किया। लेखपालों ने एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई को गलत बताते हुए सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी वापस लेने की मांग की।
मानिकपुर तहसील में लामबंद लेखपाल दिन भर आंदोलन में डटे रहे। आंदोलन के चलते थाना समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों को भी राजस्व संबंधी समस्याओं के निस्तारण में परेशानी उठानी पड़ी। लेखपाल संघ ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर व्यापक किया जाएगा। इस दौरान जिला मंत्री अरबाज सिद्दीकी, तहसील अध्यक्ष अजय दिनकर, उपमंत्री आदर्श कुमार गोंड, अशोक सिंह, भानु द्विवेदी, हरिकेश्वर, जितेंद्र आदि लेखपाल मौजूद रहे।


