विश्वकर्मा परियोजना में कर्मी का शव रखकर 7 घंटे तक हुआ हंगामा, डीजीएमएस ने उत्पादन कार्य पर लगाई रोक
कुसुंडा क्षेत्र की विश्वकर्मा परियोजना में ऑपरेटर ललन नोनियां की मौत के बाद प्रदर्शन हुआ। परिजनों और कर्मियों ने शव के साथ आंदोलन किया। प्रशासन ने उत्पादन कार्य पर रोक लगा दी है। यूनियन ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। मृतक के परिवार को 28 लाख रुपये की मदद देने की सहमति बनी।

कुसुंडा क्षेत्र की विश्वकर्मा परियोजना में ऑपरेटर ललन नोनियां (48) की मौत के बाद शनिवार को आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों और कर्मियों ने राष्ट्रीय जनता कामगार संघ के बैनर तले शव को हाजिरी घर के समीप रखकर करीब सात घंटे तक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का कारण
इधर, डीजीएमएस के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण करने के बाद परियोजना में उत्पादन कार्य पर तत्काल रोक लगा दी है। शुक्रवार को पहली पाली में एसडीई 735 नंबर का हॉलपैक अनियंत्रित होकर 40 फीट गहरे पैच में गिर गया था, जिससे चालक ललन नोनियां की मौत हो गई थी। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही कर्मी भड़क गए। यूनियन नेता अरविंद सिंह ने आरोप लगाया कि प्रबंधन द्वारा सैलरी अकाउंट राष्ट्रीयकृत बैंक में न खुलवाने के कारण मृतक का परिवार करीब एक करोड़ रुपये के दुर्घटना बीमा लाभ से वंचित हो गया। वहीं, प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि चार महीने से खराब और तेल लीकेज वाले वाहन को बिना मरम्मत जबरन चलवाया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, अभियंता मुकुल सिन्हा ने तेल लीकेज के आरोप को खारिज किया है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
वर्कशॉप के पास हंगामे की सूचना पर कुसुंडा महाप्रबंधक निखिल बी द्विवेदी अधिकारियों के साथ पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित कर्मियों से वार्ता की। प्रबंधन ने तत्काल मृतक की पत्नी के खाते में नियमानुसार 28 लाख 26 हजार रुपये स्थानांतरित किए। साथ ही सोमवार को मृतक के पुत्र आशीष का मेडिकल कराकर तत्काल नियोजन देने, हाजिरी बनाने और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने पर सहमति बनी, जिसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ।
उपस्थित कर्मी
इस दौरान अवधेश कुमार सिंह, बलवंत सिंह, विनय सिंह, छोटू राम, सच्चिदानंद तिवारी, भूषण महतो, नंदलाल महतो, रविशंकर सिंह, जयप्रकाश सिंह, धनेश्वर प्रसाद, नंदकिशोर सिंह, सरहुल सिंह, सुनील शाह, अमित कुमार, दिनेश प्रसाद सिंह और रामनारायण आदि उपस्थित थे।

