ज्ञानेश के इस्तीफे की मांग को लेकर भाकपा माले ने निकाला प्रतिरोध मार्च
फोटो-13- मांगों को लेकर चकिया तहसील परिसर में धरना देते भाकपा माले के कार्यकर्ता फोटो-13- मांगों को लेकर चकिया तहसील परिसर में धरना देते भाकपा माले क

चकिया, हिन्दुस्तान संवाद। वामपंथी दलों के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर बुधवार को भाकपा (माले) कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने की मांग को लेकर प्रतिरोध मार्च निकाला। कार्यकर्ता लालपुर स्थित पार्टी कार्यालय से नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। भाकपा (माले) राज्य स्थायी समिति सदस्य एवं चंदौली जिला सचिव अनिल पासवान ने कहा कि निर्वाचन आयोग को लेकर प्रकाशित रिपोर्ट के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता, विश्वसनीयता और मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा.
आंदोलन की मुख्य मांगें
राज्य कमेटी सदस्य एवं चकिया ब्लॉक सचिव विजय राम ने कहा कि आंदोलन की प्रमुख मांगों में ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना, एसआईआर प्रक्रिया पर रोक लगाना तथा मतदाता सूची से हटाए गए नामों को बहाल करना शामिल है। जिला स्थायी समिति सदस्य रामायण राम ने निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति की व्यवस्था में बदलाव की मांग की.
निर्वाचन आयोग के निर्णय पर सवाल
आरवाईए राज्य परिषद सदस्य सुनैना कुमारी ने कहा कि इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित रिपोर्ट में निर्वाचन आयोग के भीतर निर्णय प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए हैं। मार्च में रामायण राम, धर्मपाल राम, सुदामा राम, एपवा नेत्री वैजयंती माला, रामसनेही, शिवलोचन, राधिका देवी, परमहंस, शिव चौहान, कमली वनवासी, रामबचन वनवासी और चंद्रभान चौहान समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

