एसआईआर से भाजपा को चुनावी लाभ पहुंचाने का हो रहा प्रयास
वोटर सूची से बड़ी संख्या में नागरिकों नाम काटने के विरोध में माले ने किया मार्च, गांधी जयंती के अवसर पर भाकपा माले ने शुक्रवार को संविधान और लोकतंत्र की रक्षा तथा मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के विरोध...

वोटर सूची से बड़ी संख्या में नागरिकों नाम काटने के विरोध में माले ने किया मार्च शहर के अलावा प्रखंडों में हुई सभा में मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी की उठाई मांग
प्रदर्शन का कारण
जहानाबाद, नगर संवाददाता। गांधी जयंती के अवसर पर भाकपा माले ने शुक्रवार को संविधान और लोकतंत्र की रक्षा तथा मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के विरोध में प्रतिवाद मार्च निकाला। मार्च के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग करते हुए काको मोड़ पर पुतला दहन किया गया।
विरोध का विस्तार
जिला कार्यालय से निकला मार्च विभिन्न मार्गों से होते हुए काको मोड़ पहुंचा, जहां सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए माले राज्य कमेटी सदस्य रविंद्र यादव ने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची से आम लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं, जिससे लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
मांगें और आरोप
उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार दिया है और मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी गंभीर विषय है। रविंद्र यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया से भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
सामाजिक आंदोलन
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल लंबे समय से इस मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग और न्यायालय के समक्ष अपनी आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने के मुद्दे पर देशभर में छात्र, युवा और विभिन्न राजनीतिक संगठन आंदोलन कर रहे हैं। माले नेताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए आंदोलन को जारी रखने की बात कही।
जहानाबाद के अलावा मखदुमपुर, रतनी, काको, मोदनगंज, घोसी और हुलासगंज में भी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध कार्यक्रम आयोजित किए। इनमें रामाधार सिंह, धनेश्वर मांझी, भागीरथ मांझी, राकेश कुमार, नीतीश कुमार, हसनैन अंसारी, प्रमोद कुमार, प्रभात कुमार, मुकेश पासवान, वशी अहमद, संतोष केशरी, श्रवण कुमार, विनोद भारती, शौकीन यादव, उदय पासवान, बितन मांझी, प्रदीप कुमार, योगेंद्र यादव, अरुण बिंद, बुद्धदेव यादव, संजय चंद्रवंशी, इंद्रेश पासवान, उद्रेश पासवान और दीपक चंद्रवंशी समेत अन्य नेताओं ने सभा को संबोधित किया। फोटो- 02 अक्टूबर जेहाना-12 कैप्शन- शहर स्थित काको मोड़ पर शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुतला दहन करते माले नेता।

