मंत्री के पुत्र ने एमएमडीआर को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक
पेटरवार में झामुमो युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष बिनय कपूर के नेतृत्व में ग्रामीणों के बीच एमएमडीआर संशोधन विधेयक, 2026 के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया गया। बिनय कपूर ने कहा कि यह कानून झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज अधिकारों को प्रभावित करेगा। उन्होंने कानून वापस लेने की मांग की।

पेटरवार,प्रतिनिधि। राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के पुत्र सह झामुमो बोकारो युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष बिनय कपूर के नेतृत्व में प्रखंड के उलगढा पंचायत के पुटकाडीह (जोड़ा महुआ) एवं डुमरडीहा में ग्रामीणों के बीच खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 (एमएमडीआर ) काला कानून के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया गया। इस दौरान बिनय कपूर ने कहा कि एमएमडीआर कानून झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज अधिकारों को प्रभावित करने वाला है। इससे राज्य को मिलने वाले खनिज राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, जिसका असर मंईयां सम्मान योजना, पेंशन योजना, स्वास्थ्य, शिक्षा और अबुआ आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि झारखंडवासी इस काला कानून को कभी स्वीकार नहीं करेंगे और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार से कानून वापस लेने की मांग करते हुए 19 सितंबर 2026 को पेटरवार प्रखंड मुख्यालय में आयोजित धरना-प्रदर्शन में हजारों की संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

