झारखंड में छात्रों पर कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन
झारखंड में परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और पेपर लीक के विरोध में काशी विद्यापीठ में एबीवीपी द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। छात्र नेताओं ने झारखंड सरकार और पुलिस की नीतियों की निंदा की और न्याय की मांग की। प्रदर्शन में सैकड़ों छात्रों ने हिस्सा लिया और पुतला फूंका।

वाराणसी। झारखंड में परीक्षाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार और पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ गुरुवार को काशी विद्यापीठ में एबीवीपी के बैनर तले विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन की दमनकारी नीतियों तथा परीक्षा धांधली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला फूंका। प्रदेश मंत्री शिवम सिंह ने कहा कि झारखंड में निर्दोष छात्रों पर बल प्रयोग निंदनीय और अलोकतांत्रिक है। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर प्रभावित अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाए। इस दौरान विभाग संयोजक राजमंगल सिंह, महानगर सहमंत्री अंकुर तिवारी, राहुल पांडे, हर्ष सिंह, शशांक, सन्नी मिश्रा, आशुतोष तिवारी, खुशी राय, शुभम तिवारी, सुमंत, अभिनव, आदित्य शर्मा, प्रीति, रजनीश, सतीश, विशाल सिंह सहित सैकड़ो छात्र उपस्थित रहे।


