केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में 27 को कांग्रेस का धरना
सरायकेला में 27 अगस्त को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा केंद्र सरकार की नीतियों और महंगाई के खिलाफ धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह धरना सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा, जिसमें कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रमुख मुद्दों में नीट पेपर लीक और किसान आंदोलन शामिल हैं।

सरायकेला। केंद्र सरकार की नीतियों, महंगाई और विभिन्न मुद्दों के विरोध में 27 अगस्त को सरायकेला जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला समाहरणालय परिसर में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। धरना सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चलेगा।कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में धरना आयोजित किया जा रहा है। सरायकेला में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।धरने में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम में प्रस्तावित संशोधन समेत केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया जाएगा।
इसके अलावा नीट पेपर लीक, किसान आंदोलन, महंगाई, चीनी-प्याज की कीमतों में वृद्धि सहित अन्य मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह प्रदेश इंटक सचिव एवं कोल्हान प्रभारी राणा सिंह, प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह कार्यक्रम प्रभारी रामाश्रय प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष कुंवर सुनील सिंह, खिरोद सरदार और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष संगीता प्रधान समेत अन्य नेता मौजूद थे।


