प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पर प्रवेश करने से रोका
नई दिल्ली में रिजर्वेशन रिफॉर्म सत्याग्रह को लेकर प्रदर्शनकारी शनिवार को जंतर-मंतर के पास पहुंचे। उन्हें प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली, जिसके कारण वे बाहर ही नारेबाजी करते रहे। आंदोलन के प्रभारी ने पुलिस से अगली बार प्रदर्शन की अनुमति मांगने का आश्वासन दिया। इस बीच, आंदोलन के सोशल मीडिया फॉलोअर्स 5.6 मिलियन हो गए हैं।

नई दिल्ली, व.सं.। रिजर्वेशन रिफॉर्म सत्याग्रह को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर के आस-पास एक बार फिर कुछ प्रदर्शनकारी पहुंचे। हालांकि, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने पर उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। ऐसे में कुछ प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर व पोस्टर लिए प्रदर्शन स्थल के बाहर ही नारेबाजी करते सुनाई दिए। आरक्षण हटाओ आंदोलन के प्रभारी सुमित शर्मा ने बताया कि उनकी टीम सहमति बनाकर फिर से प्रदर्शन का आह्वान करेगी। उन्होंने कहा कि वह पुलिस से जंतर मंतर या रामलीला मैदान में प्रदर्शन करने की अनुमति मांग रहे हैं। वहीं, जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने पहुंचे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण देने की नीति की समीक्षा करने और आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग की। यह लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चलाए जा रहे आरक्षण हटाओ आंदोलन के आह्वान पर पहुंचे थे। इसके इंस्टाग्राम पेज पर 5.6 मिलियन फॉलोअर्स हो गए हैं।


