छात्रों की रिहाई व पुलिस फायरिंग के खिलाफ माले ने निकाला प्रतिवाद मार्च
सीवान में भाकपा माले ने छात्रों की रिहाई व पुलिस फायरिंग के खिलाफ प्रतिवाद मार्च निकाला। इस दौरान सभी मुकदमे वापस लेने और सभी गिरफ्तार आंदोलनकारियों को रिहा करने की मांग की गई। पुलिस फायरिंग में तीन छात्र घायल हुए और नेताओं ने इसे राजनीति से प्रेरित बताया।

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिला मुख्यालय में भाकपा माले ने छात्रों की रिहाई व पुलिस फायरिंग के खिलाफ प्रतिवाद मार्च गुरुवार को निकाला। इस दौरान सभी मुकदमे वापस लो व सभी गिरफ्तार आंदोलनकारियों को तत्काल रिहा करने के नारे लगाए गए। शहर के गोपालगंज मोड़ पर सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव इंद्रजीत चौरसिया ने कहा कि पेपर लीक के जिम्मेवार शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तिफा की मांग को लेकर 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान सीवान में पुलिस ने एके 47 चलाया। इसमें तीन छात्र घायल हो गए।
पुलिस फायरिंग की निंदा
पुलिस फायरिंग की कड़ी शब्दों में निंदा करते हुए उन्होंने इसके जिम्मेवार जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासक से डीएम-एसपी पर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने व हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि एसपी कह रहे कि आइसा आरवाईए के आह्वान पर भीड़ जुटी थी, इसलिए माले के पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा समेत नेता कार्यकर्ता जिम्मेवार हैं,इसलिए एफआईआर हुई।
पूर्व विधायक का बयान
जीरादेई के पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा ने कहा कि जो भीड़ जुटी थी, वह छात्रों के अंदर जो गुस्सा था उसकी भीड़ थी। पूर्व विधायक ने कहा कि इसके जिम्मेवार एसपी हैं। हालांकि, सरकार इनकी है तो पुलिस एके 47 चलवाकर जनता की आवाज को दबाना चाहती है। उन्होंने कहा कि माले जिला कमिटी के सदस्य विशाल यादव को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस लाइन ले जाकर गुंडों के हवाले कर दिया गया। गुंडों ने विशाल यादव की पिटाई की, साथ ही पिस्टल दिखाकर राजनीति नहीं करने की धमकी दी। पूर्व विधायक ने कहा कि एसपी पूछ रहे कि माले का फंडिंग कहा से आता है।
महिलाओं की आवाज
एपवा की राज्य अध्यक्ष सोहिला गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने जो भी किया, वह राजनीति से प्रेरित, दुर्भावना से ग्रसित होकर साज़िश के तहत किया है, जो शर्मनाक है। अध्यक्षता किसान महासभा के जिलाध्यक्ष जयनाथ यादव ने की। संकल्प सभा को केन्द्रीय कमिटि सदस्य व पूर्व विधायक सत्यदेव राम आदि ने संबोधित किया। सभा में पवन कुशवाहा व जयनाथ यादव आदि शामिल थे।


