दरौली में माले ने निकाला प्रतिवाद मार्च
जमुई में एक लड़की के साथ छेड़खानी की घटना के विरोध में भाकपा माले की महिला इकाई ऐपवा ने दरौली बाजार में प्रतिवाद मार्च निकाला। ऐपवा नेत्री मालती राम ने नेतृत्व किया। कार्यकर्ताओं ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

दरौली, एक संवाददाता। जमुई में एक लड़की के साथ छेड़खानी और बदसलूकी की घटना के विरोध में बुधवार को भाकपा माले की महिला इकाई ऐपवा के नेतृत्व में दरौली बाजार में प्रतिवाद मार्च निकाला गया। मार्च का नेतृत्व ऐपवा नेत्री मालती राम ने किया। कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में नारेबाजी करते हुए आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।प्रतिवाद मार्च माले कार्यालय से शुरू होकर इमली चबूतरा और दरौली बाजार होते हुए थाना मोड़ पहुंचा। यहां कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया। ऐपवा नेत्री मालती राम ने कहा कि सरकार की ओर से बेटियों की सुरक्षा को लेकर लगातार दावे किए जाते हैं।
इसके बावजूद जमुई में लड़की के साथ हुई घटना ने महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।मौके पर संजू देवी, सुगानती देवी, सुशीला देवी, शकुंतला राजभर, लक्ष्मीना देवी और गायत्री देवी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थीं।

