मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला जुलूस
आजमगढ़ में वामपंथी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर सांसद से संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने वोट चोरी और लोकतंत्र की हत्या जैसे मुद्दों पर नारों के साथ प्रदर्शन किया। यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं।

आजमगढ़, संवाददाता। वामपंथी दलों के राष्ट्रीय आह्वान पर भाकपा, माकपा, भाकपा-माले के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर जुलूस निकाला। कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्री मांगों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। वामपंथी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को वोट चोरी के मामले में इस्तीफा देने की मांग को लेकर प्राइवेट बस स्टैंड नरौली से जिला मुख्यालय तक जुलूस निकाला। इसका नेतृत्व भाकपा-माले के वरिष्ठ नेता कामरेड जयप्रकाश नारायण, भाकपा के जिला मंत्री कामरेड जितेंद्र हरि पांडेय, माकपा जिला मंत्री कामरेड रामबृक्ष मास्टर , भाकपा-माले जिला प्रभारी कामरेड विनोद सिंह कर रहे थे।
जुलूस में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो, एसआईआर रद्द करो, गलत तरीके से काटे गए वोटरों के मतदान का अधिकार बहाल करो, वोट चोरी की सरकार नहीं चलेगी, लोकतंत्र की हत्या बंद करो आदि नारे लगा रहे थे। कलक्ट्रेट पर पहुंचकर जुलूस सभा में तब्दील हो गया। वक्ताओं ने कहा कि यह लड़ाई ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर रद्द करने, वोट चोरी से बनी सरकार को बर्खास्त करने तक जारी रहेगी। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित पांच सूत्रीय मांग पत्र अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस दौरान भाकपा माले जिला प्रभारी कामरेड विनोद सिंह, कामरेड रामाज्ञा यादव, हरिगेन राम, खरपत्तू राम, फूलचंद, फैजान, हरिओम, बसंत प्रजापति, सुदर्शन राम, जमुना प्रजापति, रामजीत प्रजापति, हवलदार समेत अन्य लोग शामिल रहे।

