देश का संविधान एक तो पेंशन भी एक होनी चाहिये : लालबहादुर
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर निकाली गई तिरंगा रैली में शामिल उत्तर प्रदेशीय पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारी व कर्मचारी।

उत्तर प्रदेशीय पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष लालबहादुर सिंह के नेतृत्व में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर गुरुवार को बाइकों पर तिरंगा लगाकर रैली निकाली गयी। रैली में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों एवं अन्य विभाग के कर्मियों ने भाग लिया। रैली की शुरुआत रानी लक्ष्मीबाई चौराहे से हुयी। यहां से रैली निकालते हुये कर्मचारी कलक्ट्रेट पहुंचे। जहां प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया। जिलाध्यक्ष लालबहादुर सिंह ने कहा की सरकार देश में तीन प्रकार की पेंशन एनपीएस, यूपीएस एवं ओपीएस प्रदान कर रही है। जबकि देश का संविधान एक है तो पेंशन भी एक होनी चाहिए।
एनपीएस और यूपीएस पेंशन स्कीम की कमियों के कारण ही कर्मचारी आज देश भर में विरोध कर रहे हैं। सरकार से जल्द एनपीएस और यूपीएस पेंशन स्कीम को बंदकर पुरानी पेंशन बहाल कराना चाहिये। जिससे शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों की बुढ़ापे की टेंशन खत्म हो सके। अटेवा मंच जिला महामंत्री एवं चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष लल्लू सिंह ने कहा कि नवीन पेंशन स्कीम एक छलावा है और शेयर बाजार पर आधारित एक व्यवस्था है। गौतम कुमार जिला उपाध्यक्ष ने कहा की एनपीएस और यूपीएस पेंशन स्कीम को पेंशन कहने में ही शर्म आती है। प्रमोद कुमार प्रजापति, हरिओम शाक्य, उवेश अंसारी, मुकेश कुमार दिवाकर, रोशन सिंह, विजय सिंह यादव, आरिफ अली, विनीत कुमार, धर्मेंद्र सिंह, पप्पू बाल्मीकि, रेखा, मंजू सुमन, सरोज, रामकुमार, धर्मवीर वाल्मीकि, रामलाल गौतम मौजूद थे।


